95वें ऑस्कर में दीपिका पादुकोण को मिली ये बड़ी जिम्मेदारी

95वें ऑस्कर पुरस्कार के लिए प्रिजेंटर की लिस्ट सामने आ गई है जिसमें भारत की टॉप एक्ट्रेसेस में शुमार दीपिका पादुकोण का नाम भी शामिल है। दीपिका पादुकोण ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर ये जानकारी फैंस के साथ साझा की है। दीपिका ने इंस्टाग्राम पर एक लिस्ट शेयर की है जिसमें ऑस्कर 2023 के प्रिजेंटर्स के नाम लिखे हैं। दीपिका पादुकोण के इस पोस्ट उनके पति रणवीर सिंह सहित फैंस कमेंट कर एक्ट्रेस को बधाई दे रहे हैं। दीपिका पादुकोण अमेरिकी एक्ट्रेस एरियाना डेबोस के साथ ऑस्कर होस्ट करेंगी। दीपिका पादुकोण के द्वारा शेयर की गई लिस्ट में रिज अहमद, जेनिफर कॉनेली, एरियाना डीबोस, एमिली ब्लंट, ग्लेन क्लोज , सैमुअल एल जैक्सन, ड्वेन जॉनसन, माइकल बी जॉर्डन, ट्रॉय कोत्सुर, जोनाथन मेजर्स, मेलिसा मैक्कार्थी, जेनेल मोनाए, क्वेस्टलव, जो सलदाना और डोनी येन का नाम शामिल है। 95वें एकेडमी अवॉर्डस में एसएस राजामौली की तेलुगु फिल्म ‘आरआरआर’ (RRR) का ‘नाटू नाटू’ गाना बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग कैटेगरी में नॉमिनेट हुआ है। ऑस्कर रविवार, 12 मार्च, 2023 को एबीसी पर लाइव प्रसारित होगा। दीपिका पादुकोण के करियर की बात करें तो फिलहाल वह अपनी फिल्म ‘पठान’ की सफलता इंजॉय कर रही हैं। ‘पठान’ ने अपनी कमाई से दुनियाभर में अलग पहचान बनाई है। फिल्म में दीपिका पादुकोण के साथ शाहरुख खान और जॉन अब्राहम नजर आए थे। इस फिल्म में पहली बार दीपिका पादुकोण का एक्शन अवतार दर्शकों को देखने को मिला था, जिसके बाद अब आने वाले समय में दीपिका पादुकोण की बाकी फिल्मों में भी एक्शन देखने को मिलने वाला है। दीपिका पादुकोण के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह ऋतिक रोशन के साथ फिल्म ‘फाइटर’ में नजर आएंगी। इसके अलावा दीपिका पादुकोण के पास फिल्म ‘प्रोजेक्ट के’ भी है। जिसमें एक बार फिर दीपिका बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ स्क्रीन शेयर करेंगी।